जोहार हिंदुस्तान | लातेहार/झारखंड: जिले के चंदवा स्थित टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना को रद्द किए जाने की खबर के बाद क्षेत्र में निराशा का माहौल है। इस बीच कामता पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर परियोजना पर पुनर्विचार करने तथा इसे बहाल कर शीघ्र फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने इस मांग को सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी केंद्रीय मंत्री को टैग करते हुए उठाया है।
मंगलवार को चंदवा उपडाकघर से भेजे गए पत्र में अयुब खान ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 29 जून 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में झारखंड की 10 राष्ट्रीय राजमार्ग एवं रेलवे ओवरब्रिज परियोजनाओं को रद्द करने का निर्देश दिया है, जिसमें चंदवा-टोरी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-99 (नया एनएच-22) पर प्रस्तावित आरओबी भी शामिल है। रिपोर्ट में परियोजना रद्द करने का कारण भूमि अधिग्रहण में हुई देरी बताया गया है।

पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का ऑनलाइन शिलान्यास 3 अप्रैल 2021 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया गया था। इसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी हुई, बजट आवंटित हुआ तथा प्रारंभिक स्तर के कार्य भी शुरू किए गए। बाद में परियोजना का नया प्राक्कलन भी तैयार किया गया था। ऐसे में क्षेत्र की जनता को उम्मीद थी कि अगले दो-तीन वर्षों में फ्लाईओवर बन जाएगा और वर्षों पुरानी जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। लेकिन परियोजना रद्द होने की खबर से लाखों लोगों की उम्मीदों को गहरा झटका लगा है।
अयुब खान ने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग देश के सबसे व्यस्त रेलवे फाटकों में शामिल है। इस मार्ग से दिन-रात कोयला ढोने वाली मालगाड़ियों के साथ यात्री ट्रेनों का भी लगातार परिचालन होता है। फाटक अधिकतर समय बंद रहता है और कई बार घंटों तक वाहन लंबी कतारों में फंसे रहते हैं। कुछ मिनटों के लिए फाटक खुलने के बाद फिर ट्रेनों के आवागमन के कारण बंद कर दिया जाता है। इस कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि यही मार्ग अस्पताल, प्रखंड कार्यालय, थाना, बाजार और आसपास के कई जिलों को जोड़ता है। जाम के कारण मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सकता। कई बार एम्बुलेंस घंटों तक फंसी रहती हैं, जिससे गंभीर मरीजों की जान तक चली जाती है। प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को भी समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका है। लगातार लगने वाले जाम से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग का जाम केवल लातेहार जिले तक सीमित समस्या नहीं है। इससे चतरा लोकसभा क्षेत्र सहित पलामू प्रमंडल तथा झारखंड के कई जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से आने-जाने वाले हजारों वाहन और लाखों लोग प्रतिदिन प्रभावित होते हैं। ऐसे में इस परियोजना का रद्द होना जनहित के विपरीत है।
पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि टोरी-चंदवा रेलवे ओवरब्रिज परियोजना को रद्द करने के निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए इसे तत्काल बहाल किया जाए तथा फ्लाईओवर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि वर्षों से रेलवे फाटक के जाम की समस्या झेल रहे लाखों लोगों को स्थायी राहत मिल सके।