जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से नगर भवन में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने की। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी डॉ. सीरिबेल्ला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सांसद सुखदेव भगत, प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दुबे, गुमला जिला प्रभारी शमशेर आलम, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक में एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. सीरिबेल्ला प्रसाद ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों एवं बीएलए-2 से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा एसआईआर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित कराने की अपील की।
जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने वर्षों से संगठन के लिए कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं को जिला कमिटी, बीस सूत्री, बोर्ड एवं निगमों में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब हर कार्यकर्ता को सम्मान और जिम्मेदारी मिलेगी।
बैठक में मोहन दुबे, शाहिद अहमद, पवन गौतम, सलीम अंसारी, आलोक साहू, साजिद अहमद, सदरुल अंसारी, प्रकाश उरांव, दानिश अली, हरी भगत, रविंद्र सिंह खेरवार, मुनीम अंसारी, तनवीर गौहर, सत्यदेव भगत सहित जिले के विभिन्न विधानसभा, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने तथा एसआईआर अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने का संकल्प लिया गया।